कैडर बदला, दिल नहीं: ऊधमसिंहनगर के नए कप्तान आईपीएस अजय गणपति की दिलचस्प लव स्टोरी,ट्रेनिंग के दौरान मिली थी जीवनसंगिनी

Cadre changed, heart not: Interesting love story of Udham Singh Nagar's new captain, IPS Ajay Ganapathy, who met his life partner during training.

उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी करते हुए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस क्रम में ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा को पुलिस अधीक्षक,अभिसूचना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय गणपति कुंभार को ऊधम सिंह नगर का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे चम्पावत जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे।

अजय गणपति मूल रूप से पश्चिम बंगाल कैडर के आईपीएस अधिकारी रहे हैं। उन्होंने कैडर परिवर्तन कर उत्तराखंड कैडर ज्वाइन किया। उनके कैडर परिवर्तन के पीछे एक दिलचस्प निजी कहानी भी जुड़ी है,जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। अजय गणपति की शादी 2019 बैच की उत्तराखंड कैडर की आईपीएस अधिकारी रेखा यादव से हुई है। दोनों की मुलाकात हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान हुई थी। ट्रेनिंग के दौरान एक हादसे ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। दरअसल, रेखा यादव के पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। इसी दौरान 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय गणपति उनसे मिलने पहुंचे। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गया। रेखा यादव मूल रूप से राजस्थान के जयपुर जिले के कोटपुतली की रहने वाली हैं। अगस्त 1993 में एक किसान परिवार में जन्मी रेखा बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहीं। वे डॉक्टर बनना चाहती थीं, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास की और 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी बनीं। परिवार में कोई भी सरकारी सेवा में नहीं था, ऐसे में रेखा अपने परिवार की पहली सदस्य हैं जिन्होंने सरकारी नौकरी हासिल की। वे अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता और भाई को देती हैं। अजय गणपति और रेखा यादव ने पहले कोर्ट मैरेज की, जिसके बाद पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह समारोह भी आयोजित किया गया। दोनों युवा आईपीएस अधिकारियों की यह प्रेम कहानी आज भी प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बनी रहती है। अब ऊधम सिंह नगर जैसे संवेदनशील जिले की कमान संभाल रहे अजय गणपति से कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। उनकी कार्यशैली और युवा ऊर्जा से जिले में नई प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिल सकती है।