बजट 2026ः टैक्स में राहत! पर्यटन और कृषि के लिए बड़े ऐलान, आयुर्वेद के तीन नए एम्स होंगे स्थापित! कंटेंट क्रिएटर्स की आई मौज
नई दिल्ली। संसद में आज 1 फरवरी, रविवार को बजट पेश किया जा रहा है। इस दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कई बड़े ऐलान किए हैं। उन्होंने कहा कि विदेश यात्रा कार्यक्रम पैकेज की बिक्री पर टीसीएस दर अब 2 प्रतिशत होगी, जो पहले 5 प्रतिशत और 20 प्रतिशत थी। इसके लिए किसी राशि की शर्त नहीं होगी। उन्होंने यह भी बताया कि मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल से किसी व्यक्ति को मिले ब्याज पर अब आयकर नहीं लगेगा और इस पर टीडीएस भी नहीं काटा जाएगा। पर्यटन और पर्यावरण क्षेत्र में भी सरकार ने नई पहल की घोषणा की। सीतारमण ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में पारिस्थितिक रूप से टिकाऊ पर्वतीय ट्रेल विकसित की जाएगी, साथ ही अराकू वैली और पश्चिमी घाट में भी ऐसी ट्रेल्स तैयार की जाएंगी। ओडिशा, कर्नाटक और केरल में प्रमुख कछुआ घोंसले वाले क्षेत्रों के पास कछुआ ट्रेल्स का विकास किया जाएगा, ताकि जैव विविधता का संरक्षण हो और पर्यटन को बढ़ावा मिले। कहा कि कृषि क्षेत्र में बड़ा बदलाव भारत विस्तार के तहत आया है। यह एक बहुभाषी एआई टूल है जो एग्री-स्टैक पोर्टल और आईसीएआर के कृषि प्रथाओं के पैकेज को एआई सिस्टम से जोड़कर किसानों और कृषि व्यवसायियों को स्मार्ट और आसान एक्सेस देगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मैं उच्च शिक्षा क्षेत्र में निवेश के तहत नए संस्थान, विश्वविद्यालय टाउनशिप, छात्राओं के हॉस्टल और टेलिस्कोप इन्फ्रास्ट्रक्चर सुविधाओं की स्थापना के लिए कई कदम प्रस्तावित करती हूं। देश के हर जिले में एक छात्राओं का हॉस्टल बनाया जाएगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आगे कहा कि खेल क्षेत्र रोजगार, कौशल विकास और नौकरी के अवसर प्रदान करता है। खेलो इंडिया कार्यक्रम के माध्यम से शुरू किए गए खेल प्रतिभा के व्यवस्थित पोषण को आगे बढ़ाते हुए अगले दशक में खेल क्षेत्र को बदलने के लिए खेलो इंडिया मिशन शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार ने 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों को स्वीकार कर लिया है और 41 प्रतिशत कर हस्तांतरण का फार्मूला बरकरार रखा गया है। आयुर्वेद के तीन नए अखिल भारतीय संस्थानों की स्थापना की जाएगी। नगर निगम के बॉन्ड जारी करने पर 100 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन का प्रस्ताव रखा गया है। खेल क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए खेलो इंडिया मिशन शुरू किया जाएगा। एसएमई के लिए बजट में 10,000 करोड़ रुपये का कोष प्रस्तावित किया गया है। एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (एवीजीसी) क्षेत्र में तेजी को देखते हुए इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज को 15,000 माध्यमिक विद्यालयों और 500 कॉलेजों में एवीजीसी कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित करने में सहायता दी जाएगी।
कैंसर-डायबिटीज की दवाएं बनाएगा भारत
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में उन्होंने 10,000 करोड़ रुपये के बजट के साथ बायोफार्मा शक्ति योजना की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि भारत में अब डायबिटीज, कैंसर और ऑटो-इम्यून जैसी बीमारियों (रोगों से लड़ने की शक्ति से संबंधित बीमारियां) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं इसलिए यह कदम उठाना जरूरी है। सरकार ने इस योजना के लिए ₹10,000 करोड़ का बड़ा फंड रखा है। इसका उपयोग मुख्य रूप से रिसर्च और डेवलपमेंट के लिए किया जाएगा। अब तक भारत जेनेरिक दवाइयां (सस्ती कॉपी) बनाने में आगे था, लेकिन अब सरकार चाहती है कि हम नई और कॉम्प्लेक्स दवाइयां भी खुद ही बनाए।
कंटेंट क्रिएटर्स की मौज
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश करते हुए टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को विकसित भारत का सबसे बड़ा इंजन बताया। उन्होंने कहा कि भारत अब सिर्फ टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल नहीं करेगा, बल्कि उसे लीड करेगा। इस बजट में कंटेंट क्रिएशन को लेकर भी बातें हुईं। गेमिंग सेक्टर में 10 लाख से ज्यादा प्रोफेशनल को हायर किया जाएगा। एक नया कंटेंट क्रिएटर लैब का सेटअप किया जाएगा। इसके जरिए लोगों को कंटेंट क्रिएशन सिखाया जाएगा। क्रिएटर इकोनमी बूमिंग है। डिजाइन एडुकेशन के लिए नैशनल डिजाइन स्कूल खोले जाएंगे। वित्त मंत्री ने भारत के एनीमेशन, विज़ुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए देश के 15,000 सेकेंडरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब्स स्थापित करने की घोषणा की।