बजट 2026ः उत्तराखंड में ट्रेकिंग हाइकिंग को लेकर प्लान! टूरिज्म और मेडिकल टूरिज्म का मिलेगा फायदा, जानिये क्या हैं संभावनाएं
देहरादून। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने आज रविवार, 1 फरवरी को संसद में बजट पेश किया। अपने बजट भाषण में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उत्तराखंड का भी जिक्र किया। वित्त मंत्री ने कहा कि वर्ल्ड क्लास ट्रेकिंग और हाइकिंग अनुभव के लिए पहाड़ी राज्य उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, पूर्वी घाट में अराकू घाटी और पश्चिमी घाट में पोथिगई मलाई में इकोलॉजिकल रूप से सस्टेनेबल माउंटेन ट्रेल्स विकसित किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि इन प्रदेशों में इसकी संभावनाएं हैं इसके बाद उत्तराखंड में माउंटेन ट्रेल्स का फायदा बाइकिंग के क्षेत्र में मिलेगा। मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए पांच क्षेत्रीय मेडिकल हब बनाए जाएंगे। इसमें निजी क्षेत्र की सहभागिता रहेगी। हेल्थकेयर कॉम्प्लेक्स बनेंगे। इनमें आयुष केंद्र होंगे। डायग्नोस्टिक, पोस्टर केयर और रीहैब के केंद्र रहेंगे। इससे स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। दुनियाभर में सम्मान हासिल कर चुकी प्राचीन योग पद्धति और आयुर्वेद पर जोर दिया जाएगा। तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान बनाए जाएंगे। उत्तराखंड को भी इसका फायदा मिल सकता है। सरकार पहले ही गुरुकुल में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार कर चुकी है। बता दें कि उत्तराखंड ट्रेकिंग का हब है। इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन के मुताबिक उत्तराखंड में करीब 100 करोड़ ट्रेकिंग का व्यवसाय है। उत्तराखंड में करीब 6 दर्जन से ज्यादा विश्व स्तरीय ट्रेकिंग रूट मौजूद हैं, जिसमें तमाम राज्यों के साथ दूसरे देशों से भी लोग ट्रेकिंग के लिए पहुंचते हैं। राज्य में ऐसे कई ट्रेकिंग रूट डेवलप किए गए हैं जहां हर साल हजारों टूरिस्ट उत्तराखंड पहुंचते हैं। यहां की शांत वादियां हर किसी को लुभाती हैं।