ब्रेकिंगः भाजपा नेता और उसके भाई की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा वाल्मीकि समाज! रुद्रपुर में बड़ा हंगामा, पुलिस के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में भाजपा नेता और उसके भाई की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दूसरे दिन भी हंगामा जारी है। वाल्मीकि समाज के सैकड़ों लोग आज नगर निगम में धरने पर बैठ गए। इस दौरान मौके पर जबरदस्त गहमा-गहमी का माहौल देखने को मिला। वहीं धरने में पहुंचे कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा को भी खासा विरोध झेलना पड़ा, जिसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ बाहर ले गई। वहीं वाल्मीकि समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इससे पहले रविवार को बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे थे और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली परिसर में धरने पर बैठे थे। इधर वाल्मीकि समाज ने पुलिस को आज 2 बजे तक का समय दिया है, जिसके बाद उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है। जानकारी के अनुसार, वाल्मीकि समाज के कुछ युवकों ने भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ और उनके भाई सन्नी चुघ पर पुरानी रंजिश के चलते मारपीट करने, जानलेवा हमला करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से समाज के लोगों में नाराजगी है और यही नाराजगी अब उग्र रूप ले रही है। फिलहाल नगर निगम में हंगामे की स्थिति बनी हुई है और पुलिस प्रशासन तैनात है।