बड़ी खबरः रुद्रपुर में वाल्मीकि समाज का उग्र प्रदर्शन! पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद हाईवे पर लगाया जाम, एसएसपी से बात कर शांत हुए लोग! एक आरोपी हिरासत मे

Breaking News: Violent protest by the Valmiki community in Rudrapur! After a scuffle with the police, they blocked the highway; the crowd calmed down following a discussion with the SSP. One accused

रुद्रपुर। भाजपा के मंडल महामंत्री पारस चुघ और उसके भाई सन्नी चुघ की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रुद्रपुर में सोमवार को वाल्मीकि समाज, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नगर निगम कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों के कोतवाली परिसर में प्रवेश के प्रयास के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सख्ती करनी पड़ी। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश सचिव मोहन खेड़ा और कांग्रेस पार्षद परवेज कुरैशी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले दिनों पुराने विवाद को लेकर हुए हमले में अभिषेक वाल्मीकि और जतिन गंभीर रूप से घायल हुए थे। आरोप है कि भाजपा के मंडल महामंत्री पारस चुघ, उनके भाई सन्नी चुघ समेत कई लोगों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की। घटना में अभिषेक वाल्मीकि की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका बरेली के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं जतिन का रुद्रपुर के अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद से ही वाल्मीकि समाज और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश उत्पन्न हो गया।

सोमवार को बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता और नगर निगम कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने जुलूस निकालते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद प्रदर्शनकारी रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे और वहां घुसने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक की स्थिति बन गई। काफी देर तक मौके पर हंगामा चलता रहा। प्रदर्शनकारियों ने इसके बाद नैनीताल-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी और पुलिस-प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई। पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। कांग्रेस प्रदेश सचिव मोहन खेड़ा और नगर निगम पार्षद परवेज कुरैशी को भी हिरासत में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देर शाम रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान एसएसपी ने मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे सन्नी चुघ को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। एसएसपी के इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध कुछ समय के लिए शांत किया।