बड़ी खबरः एआई समिट में यूथ कांग्रेस का जबरदस्त हंगामा! भारत मंडपम में टी-शर्ट खोलकर किया प्रदर्शन, पुलिस बोली- होगा बड़ा एक्शन
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़कर परिसर के भीतर प्रवेश कर लिया। इस दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर विरोध जताया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। बीजेपी ने इसे शर्मनाक बताया है। बीजेपी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस शर्मनाक प्रदर्शन कर रही है। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता जो टी-शर्ट पहनकर गए थे, उसमें पीएम मोदी की फोटो बनी हुई थी। प्रदर्शन की फोटो और वीडियो शेयर करते हुए यूथ कांग्रेस के एक्स हैंडल से लिखा गया, जब विदेश नीति में झुकाव, कॉरपोरेट दबाव और चुप्पी हावी हो तो साफ है पीएम मोदी कंप्रोमाइज्ड हैं। इसी सच्चाई को बेनकाब करने भारतीय युवा कांग्रेस के जाबांज कार्यकर्ता एआई समिट पहुंचे और कंप्रोमाइज्ड पीएम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं! इंकलाब जिंदाबाद। मामले में दिल्ली पुलिस का कहना है कि वह इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के संबंध में कानूनी कार्रवाई कर रही है। पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। वे जांच कर रहे हैं कि वे पास के जरिए अंदर आए थे या क्यूआर कोड से अंदर आए थे। वहीं बीजेपी ने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को धूमिल करने वाला काम है। कांग्रेस को ऐसा करने पर शर्म आनी चाहिए। बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने लिखा कि पॉलिटिकल विरोध एक डेमोक्रेटिक हक है, लेकिन भारत की ग्लोबल इमेज को नुकसान पहुंचाना नहीं। भारत इससे बेहतर का हकदार है।