बड़ी खबरः विनेश फोगाट को सुप्रीम कोर्ट से मिली बड़ी राहत! एशियन गेम्स के चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने का रास्ता हुआ साफ

Big news: Vinesh Phogat receives major relief from the Supreme Court! The path is cleared for her to participate in the Asian Games selection trials.

नई दिल्ली। भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को आज सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 2026 एशियन गेम्स के चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है। ये ट्रायल्स 30 और 31 मई को आयोजित होने हैं। जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने यह आदेश उस याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया, जिसे भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ दायर किया था। हाईकोर्ट ने पहले ही विनेश फोगाट को ट्रायल्स में भाग लेने की इजाजत दी थी। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा कि विनेश फोगाट का मामला सामान्य खिलाड़ियों से अलग है, क्योंकि उन्होंने देश को कई मौकों पर गौरवान्वित किया है। कोर्ट ने कहा कि अगर कोई और खिलाड़ी होता तो मामला अलग होता। उन्होंने देश का नाम रोशन किया है। हालांकि कोर्ट ने खेल मामलों में बार-बार न्यायिक हस्तक्षेप को लेकर चिंता भी जताई। जस्टिस नरसिम्हा ने कहा कि आप शानदार रेसलर हैं, आपने देश को गर्व महसूस कराया है, लेकिन देश पहले है। हाईकोर्ट पूरे शेड्यूल को बाधित नहीं कर सकता। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के तरीके पर भी सवाल उठाए। कोर्ट ने कहा कि खेल प्रशासन में इस तरह तेजी से हस्तक्षेप करने से पूरे स्पोर्ट्स सिस्टम और शेड्यूल पर असर पड़ सकता है। दरअसल, पिछले हफ्ते दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा था कि मातृत्व को किसी खिलाड़ी के करियर में अक्षम्यता या बाहर करने का आधार नहीं बनाया जा सकता। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने डब्ल्यूएफआई को निर्देश दिया था कि विनेश फोगाट को ट्रायल्स में हिस्सा लेने दिया जाए। अब सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल विनेश को राहत देते हुए ट्रायल्स में खेलने की मंजूरी दे दी है, लेकिन साथ ही डब्ल्यूएफआई की याचिका पर उनका जवाब भी मांगा है। मामले की अगली सुनवाई अगले हफ्ते होगी।