बड़ी खबरः 25 अप्रैल को आएगा उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट! सुबह 10 बजे जारी होंगे हाईस्कूल और इंटर के नतीजे, 2 लाख से ज्यादा छात्रों का इंतजार होगा खत्म
रामनगर। उत्तराखंड के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम अब घोषित होने की तिथि तय हो गई है। लंबे इंतजार के बाद उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने 25 अप्रैल को सुबह 10 बजे रिजल्ट जारी करने का ऐलान किया है। जानकारी के अनुसार परीक्षा परिणाम रामनगर स्थित बोर्ड सभागार में घोषित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत और माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती भी मौजूद रहेंगे। उत्तराखंड बोर्ड के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया। आंकड़ों के अनुसार इस साल हाईस्कूल में 1,12,266 और इंटरमीडिएट में 1,02,986 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार कुल 2,15,252 परीक्षार्थियों ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा दी, जो अब अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
पहली बार पूरी तरह ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
इस बार की परीक्षा की सबसे खास बात यह रही कि आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन किया गया। इससे छात्रों को काफी सुविधा मिली और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनी। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस कदम से भविष्य में परीक्षा प्रणाली को और अधिक आधुनिक और सुगम बनाया जा सकेगा।
ऐसे देखें अपना रिजल्ट
छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।