बड़ी खबरः दो राज्यों के राज्यपाल बदले! लद्दाख में भी नए एलजी की नियुक्ति, जानें किन्हें मिली जिम्मेदारी

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के दो राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में नए राज्यपाल और उपराज्यपाल की नियुक्ति कर दी है। सोमवार 14 जुलाई 2025 को राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति में इस बात की घोषणा की गई है। जानकारी के मुताबिक हरियाणा और गोवा के राज्यपाल बदल दिए गए हैं। वहीं लद्दाख के उपराज्यपाल के पद पर भी नई नियुक्ति की गई है। राष्ट्रपति भवन ने बताया है कि राष्ट्रपति ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल पद से ब्रिगेडियर डॉ. बीडी मिश्रा (रिटायर्ड) का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इस दौरान प्रो. आशिम कुमार घोष को हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया। वहीं पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में कविन्द्र गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।