बड़ी खबरः सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी हल्ला बोल! कल 30 सितंबर को होगी इंडिया ब्लॉक की बैठक, रुद्रपुर में मेयर और कांग्रेस जिलाध्यक्ष आमने-सामने
रुद्रपुर। एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने देशभर में प्रदर्शन किया। दिल्ली समेत कई राज्यों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विरोध दर्ज कराया। पार्टी का आरोप है कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ी और नामों को हटाए जाने से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया है। कांग्रेस ने साफ किया है कि वह सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी। सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग उठाई। इसी तरह जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, मणिपुर, कर्नाटक, महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन और रैलियां कीं। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और एसआईआर को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची में बदलाव से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जरूरी है।
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भी उठा मुद्दा
इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में मंगलवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई। बैठक में चुनाव आयोग, एसआईआर और मतदाता सूची से जुड़े विवाद पर पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। कांग्रेस ने सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग दोहराई और एसआईआर को लेकर उठे सवालों के बीच मतदाता सूची में हुए बदलावों की जानकारी सार्वजनिक करने तथा पारदर्शिता बढ़ाने की मांग रखी। कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए। वहीं चुनाव आयोग ने अपनी प्रक्रिया को कानूनी और निर्धारित नियमों के अनुरूप बताया है। ऐसे में एसआईआर और मतदाता सूची को लेकर राजनीतिक टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस के इस आंदोलन के बीच विपक्षी इंडिया ब्लॉक की 30 सितंबर को बैठक प्रस्तावित है। इसमें चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर विपक्ष की आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग भी बैठक के प्रमुख मुद्दों में शामिल बताई गई है।
रुद्रपुर में भी गरमाई सियासत
राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे इस विवाद का असर ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में भी दिखाई दे रहा है। यहां कांग्रेस चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर लगातार आवाज उठा रही है। इसी बीच भाजपा के मेयर विकास शर्मा के एक बयान ने स्थानीय सियासत को और गरमा दिया। मेयर विकास शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनकी चमड़ी मोटी हो गई है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी कई बार अदालत में और भाजपा नेताओं से माफी मांग चुके हैं। विकास शर्मा ने कांग्रेस पर ही वोट चोरी करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग को लेकर जिस तरह के आरोप लगा रही है, उसे लेकर उसे पहले अपने रिकॉर्ड पर विचार करना चाहिए। मेयर विकास शर्मा के बयान पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विकास शर्मा सत्ता के नशे में चूर हैं और उन्हें सत्ता का अहंकार हो गया है। गाबा ने कहा कि समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता और जब सरकार बदलेगी तथा पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे, तब विकास शर्मा को अपनी स्थिति का एहसास होगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा सत्ता व्यवस्था में भाजपा नेताओं के बयानों से उनका अहंकार साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों को उठाती रहेगी।