बड़ी खबरः रुद्रपुर पुलिस लाइन में सीज और लावारिस बाइकों में लगी भीषण आग! 35 से 40 वाहन खाक, मचा हड़कंप

Big news: A massive fire broke out in the Rudrapur Police Lines, destroying seized and abandoned bikes. 35 to 40 vehicles were destroyed, causing panic.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर स्थित पुलिस लाइन में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में खड़ी सीज और लावारिस बाइकों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक कई दोपहिया वाहन इसकी चपेट में आ गए। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना से पुलिस लाइन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन में लंबे समय से विभिन्न मामलों में सीज की गईं तथा लावारिस हालत में बरामद की गई बाइकों को एक स्थान पर खड़ा किया गया था। शनिवार को अचानक इनमें आग लग गई। शुरुआती कुछ मिनटों में ही आग तेजी से फैल गई और आसपास खड़ी अन्य बाइकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट्स, पुलिसकर्मी और अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी ने हाथों में पानी की बाल्टियां लेकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

हालांकि आग लगातार फैलती जा रही थी और हालात को देखते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग के दो फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब आधे घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। फायर कर्मियों की तत्परता से आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की चपेट में आकर करीब 35 से 40 सीज बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं। कई वाहनों के ढांचे तक नष्ट हो गए। आग लगने के बाद पूरे परिसर में जले हुए रबर, प्लास्टिक और पेट्रोल की गंध फैल गई। घटना के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया और लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक गर्मी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण से आग भड़की हो सकती है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।