बड़ी खबरः ‘संसद रत्न’ सम्मान से सम्मानित होंगे 17 सांसद! सामने आए नाम

नई दिल्ली। मौजूदा समय में संसद का मानसून सत्र चल रहा है और यह सत्र 21 अगस्त तक चलेगा। इस बीच ‘संसद रत्न’ सम्मान को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। खबरों के मुताबिक सांसद सुप्रिया सुले, रवि किशन, निशिकांत दुबे और अरविंद सावंत सहित 17 सांसदों को ‘संसद रत्न’ से सम्मानित किया जाएगा। इन सम्मानों में चार विशेष जूरी पुरस्कार भी शामिल हैं, जो लगातार तीन कार्यकालों में संसदीय लोकतंत्र में उनके निरंतर योगदान को मान्यता प्रदान करते हैं। विशेष पुरस्कार भर्तृहरि महताब (भाजपा, ओडिशा), एन के प्रेमचंद्रन (रिवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी, केरल), सुप्रिया सुले (NCP-SP, महाराष्ट्र), और श्रीरंग अप्पा बारणे (शिवसेना, महाराष्ट्र) को प्रदान किए जाएंगे। इन सभी ने 16वीं लोकसभा के बाद से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बनाए रखा है। अन्य सम्मानित किए जाने वाले सांसदों में स्मिता उदय वाघ (BJP), नरेश म्हस्के (Shivsena), वर्षा गायकवाड़ (कांग्रेस), मेधा कुलकर्णी (BJP), प्रवीण पटेल (BJP), विद्युत बरण महतो (BJP) और दिलीप सैकिया (BJP) शामिल हैं। समिति श्रेणी में भर्तृहरि महताब की अध्यक्षता वाली वित्त संबंधी स्थायी समिति और डॉक्टर चरणजीत सिंह चन्नी (कांग्रेस) की अध्यक्षता वाली कृषि संबंधी स्थायी समिति को उनकी रिपोर्ट की गुणवत्ता और विधायी निगरानी में योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।