बिग ब्रेकिंगः दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में भीषण गोलीबारी! 10 लोगों की मौत, पुलिस ने घेरा इलाका

Big Breaking: Massive shooting in Johannesburg, South Africa! 10 people killed, police cordon off the area.

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां टाउनशिप इलाके में अंधाधुंध फायरिंग होने की घटना से हड़कंप मच गया। इस घटना में 10 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक हमलावरों की पहचान और हमले की वजह फिलहाल साफ नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार रविवार को जोहान्सबर्ग के पास बेक्कर्सडाल इलाके में बंदूकधारी हमलावरों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार यह हमला जोहान्सबर्ग के बाहरी इलाके में स्थित एक टाउनशिप में हुआ। इस महीने के भीतर दक्षिण अफ्रीका में यह दूसरी बड़ी सामूहिक गोलीबारी की घटना है। गौटेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरिडिली के मुताबिक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि कुछ लोगों को हमलावरों ने सड़कों पर चलते समय ही गोली मार दी। हमले के पीछे की मंशा अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने यह भी बताया कि जिस स्थान पर गोलीबारी हुई, वहां अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है।