Big Breaking: पंजाब के पूर्व आईजी ने खुद को मारी गोली! 12 पेज का सुसाइड नोट मिला, ऑनलाइन फ्रॉड का जिक्र
नई दिल्ली। पंजाब से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां पूर्व आईपीएस अधिकारी अमर सिंह चहल ने कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश की है। वे पटियाला स्थित अपने घर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। बताया जा रहा है कि उन्होंने खुद को गोली मार ली। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें ऑनलाइन फ्रॉड से हुई भारी आर्थिक हानि और परेशानी का जिक्र है। घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। बता दें कि अमर सिंह चहल आईजी की पोस्ट से रिटायर हो चुके हैं। पटियाला एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चहल को तुरंत अस्पताल लाया गया। उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टर उन्हें बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। अमर सिंह चहल 2015 के फरीदकोट गोलीकांड मामले में आरोपी थे। पंजाब पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने 2023 में इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल सहित कई पुलिस अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें चहल का नाम भी शामिल था।