बिग ब्रेकिंगः आज पेश होगा बजट! राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद संसद भवन पहुंचीं वित्त मंत्री, टिकी देश की निगाहें
नई दिल्ली। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में बजट पेश करेंगी। खास बात है कि वे वित्त मंत्री के तौर पर लगातार 9वां बजट पेश करने जा रही हैं। इस बजट में टैक्स से लेकर सोशल स्कीम तक कई मोर्चों पर सरकार अहम घोषणाएं कर सकती है। 11 बजे लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपना बजट भाषण शुरू करेंगी। लोकसभा में बजट भाषण के एक से डेढ़ घंटे तक चलने की उम्मीद है। इसमें आगामी वित्तीय वर्ष के लिए सरकार की खर्च योजनाएं, कर प्रस्ताव और नीतिगत दिशा-निर्देशों की रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी। सरकार इस पूरे भाषण को लाइव और बाद में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जनता के लिए उपलब्ध कराएगी। वित्त मंत्री का बजट भाषण आप, संसद टीवी का आधिकारिक यूट्यूब चैनल, प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) का यूट्यूब चैनल, डीडी न्यूज चैनल व अन्य प्राइवेट न्यूज चैनल पर देख सकते हैं।
राष्ट्रपति भवन कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट किया है और लिखा, केंद्रीय वित्त और कॉरपोरेट मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केंद्रीय बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने बजट प्रस्तुति के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री और उनकी टीम को शुभकामनाएं दीं। इस बीच शेयर बाजार से अपडेट आया है। केंद्रीय बजट पेश होने के दिन सेंसेक्स 82,328.15 अंक पर ट्रेड कर रहा है, जबकि निफ्टी 25,314.60 के स्तर पर है। वहीं सरकारी सूत्रों के मुताबिक जनवरी 2026 में जीएसटी संग्रह 1,93,384 करोड़ रुपये रहा। यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 6.2 प्रतिशत की बढ़त है।