बिग ब्रेकिंगः दिल्ली के 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी! खाली कराए गए कैंपस, बम निरोधक दस्ते ने शुरू की जांच

Big Breaking: Bomb threats to 9 Delhi schools! Campuses evacuated, bomb squad begins investigation

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां सोमवार को नौ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल पर मिली इस धमकी के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई और इमरजेंसी सर्विसेज शुरू की गई। कथित तौर पर प्रमुख स्कूलों को सुबह 7 से 9 बजे के बीच बम की धमकियां मिलीं। रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली पुलिस को सतर्क कर दिया गया और अग्निशमन दल और बम निरोधक दस्ते को तुरंत संबंधित स्कूलों में तैनात किया गया। पुलिस ने कहा कि छात्रों और कर्मचारियों को तुरंत स्कूल कैंपस से बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। धमकी भरे ईमेल के सोर्स का पता लगाने और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए फिलहाल जांच चल रही है। सूत्रों के मुताबिक ईमेल सुबह करीब 7.22 बजे भेजा गया था। भेजने वाले ने दावा किया कि सोमवार दोपहर करीब 1.11 बजे विस्फोट होगा। मैसेज में यह भी कहा गया कि 13 फरवरी को दोपहर 1.11 बजे संसद को निशाना बनाया जाएगा। बता दें कि यह धमकी उस वक्त सामने आई है, जब इस तरह की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इस तरह के धमकी वाले कॉल महानगरों में इनदिनों आम हो गई है, जिससे इमरजेंसी सर्विसेज प्रभावित हो रही हैं और माता-पिता और स्कूल प्रशासकों के बीच काफी चिंता पैदा हो रही है। बता दें कि इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी के पांच स्कूलों को 29 जनवरी की सुबह ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। बाद में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा व्यापक तलाशी के बाद उन धमकियों को अफवाह बताया गया था।