Oct 06, 2026 Login
Awaaz24x7-government

बड़ी उपलब्धिः साइबर कमांडो एग्जाम का रिजल्ट घोषित! उत्तराखंड को मिला तीसरा स्थान

Big achievement: Cyber ​​Commando exam result declared! Uttarakhand gets third position

देहरादून। गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर आयोजित साइबर कमांडो परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। यह परीक्षा देश में पुलिस की साइबर सुरक्षा को मजबूती से बढ़ाने के लिए आयोजित की गयी थी, जिसमें कुल उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की संख्या के मामले में उत्तराखंड देश भर में तीसरे स्थान पर आया है। परीक्षा में सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय पुलिस संगठनों में सेवारत करीब 3200 पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया था। अलग-अलग राज्यों से साइबर कमांडो के लिए चयनित सबसे अधिक कर्मचारियों की संख्या में उत्तराखंड राज्य तीसरे स्थान पर है। उत्तराखंड से साइबर कमांडो के लिए 72 पुलिस कर्मी चयनित हुए हैं। साथ ही राज्य से चयनित टॉप-3 पुलिस कर्मियों का ऑल इंडिया रैंक में दूसरा, छठा और दसवां स्थान रहा है। 
इस परीक्षा में उत्तराखंड पुलिस के कुल 242 पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया था, जिनमें एसटीएफ और साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन उत्तराखंड के 7 कर्मचारियों सहित कुल 72 कर्मियों का चयन हुआ। चयनित कर्मचारियों को देश के प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थान, राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) आदि में व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए विभागीय अनुमति के बाद बारी-बारी से भेजा जाएगा। प्रशिक्षित साइबर कमांडो अपने मूल संगठन के लिए काम करेंगे और उनसे डिजिटल फॉरेंसिक, घटना प्रतिक्रिया और सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) बुनियादी ढांचे को सुरक्षित करने में प्रशिक्षण के दौरान विकसित विशेषज्ञता के अनुसार भूमिकाएं सौंपी जाएंगी। इस दौरान कॉन्स्टेबल हरेंद्र भंडारी, कॉन्स्टेबल कादर खान, अपर उपनिरीक्षक संचार चंद्रमोहन उत्तराखंड से साइबर कमांडो के लिए चयनित हुए। पुलिसकर्मियों की इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग ने खुशी जताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।