दिल्ली में बड़ा हादसाः हुमायूं के मकबरे में दरगाह की दीवार ढही! पांच लोगों की मौत की खबर, कई लोगों के दबे होने की आशंका

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां निजामुद्दीन स्थित हुमायूं के मकबरे के पास एक बड़ा हादसा हो गया। खबरों के मुताबिक दरगाह शरीफ पत्ते शाह के अंदर बने कमरे की छत और दीवार का हिस्सा अचानक गिर गया। इस हादसे में 5 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। वहीं हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला है। वहीं मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए कई लोगों को रेस्क्यू किया है। दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें शाम करीब 3ः51 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत 5 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। राहत और बचाव कार्य जारी है। फंसे लोगों को बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस हादसे में 3 महिलाओं और 2 पुरुषों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हो गए। अब तक करीब 11 लोगों को मलबे से निकाला गया है और सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जानकारी में 6 से 7 लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन रेस्क्यू के दौरान संख्या और बढ़ी है। बताया जा रहा है कि बारिश की वजह से ये हादसा हो गया। कमरे में करीब 15 से 20 लोग थे। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं।