उत्तराखण्डः मातम में बदलीं दीपावली की खुशियां! चमोली में खाई में गिरकर धधकी कार, तीन लोगों की दर्दनाक मौत
चमोली। उत्तराखण्ड में आज भाईदूज के दिन एक बड़ा हादसा हो गया। यहां गोपेश्वर पोखरी रोड पर खाई में गिरने से एक कार में आग लग गई। इस हादसे में दंपती और उनके एक बेटे की मौत हो गई। वहीं दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार अरविंद त्रिपाठी अपनी पत्नी अनीता त्रिपाठी के साथ पोखरी के विशाल पाव गांव आए थे। इस दौरान उनके साथ उनके बेटे अनन्त त्रिपाठी और अम्बुज त्रिपाठी भी थे। वापसी के दौरान गोपेश्वर पोखरी रोड पर कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। कार के खाई में गिरते ही उसमें आग लग गई। इस दौरान कार में सवार अरविंद, अनिता और अनन्त की जलकर मौत हो गई। वहीं अम्बुज घायल हो गया। बताया जाता है कि अरविंद त्रिपाठी देहरादून सिंचाई विभाग में ईई थे और पूरा परिवार देहरादून में रहता था। वे दीपावली मनाने गांव आये थे। हादसे की सूचना के बाद परिजनों और रिश्तेदारों में कोहराम मचा हुआ है। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।