भीमतालः ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में कर्मचारी की मौत पर उठे गंभीर सवाल! बारिश में छत साफ कराने के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से गई जान
भीमताल/नैनीताल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल में ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान ओखलकांडा निवासी तेज सिंह बोरा के रूप में हुई है, जिनकी कथित रूप से बारिश के बीच छत की सफाई के दौरान हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। आरोप लगाया जा रहा है कि प्रतिकूल मौसम और बारिश के बावजूद कर्मचारी को छत साफ करने के लिए भेजा गया, जबकि वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से संभावित खतरे को नजरअंदाज किया गया। लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता और जोखिम का सही आकलन किया जाता तो इस हादसे को टाला जा सकता था। मृतक तेज सिंह बोरा एक साधारण परिवार से संबंध रखते थे और परिवार की आजीविका का प्रमुख सहारा थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का कहना है कि हादसे की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कर्मचारी को किस परिस्थिति में कार्य करने के निर्देश दिए गए और सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे। मामले में लोगों ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही मृतक के परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता, मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है।