सीवान में हैवानियत की हदें पार: सो रही पत्नी के चेहरे पर फेंका तेजाब जैसा ज्वलनशील पदार्थ,12 घंटे तक घर में तड़पती रही महिला, आरोपी पति पुलिस हिरासत में

Barbaric act in Siwan: Acid-like flammable substance thrown at sleeping wife's face; woman writhed in agony at home for 12 hours; accused husband in police custody.

सीवान। बिहार के सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के नवलपुर गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक कलयुगी पति ने आधी रात को गहरी नींद में सो रही अपनी पत्नी के चेहरे पर तेजाब जैसा घातक ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल ले जाने के बजाय करीब 12 घंटे तक घर के भीतर ही असहनीय दर्द से तड़पने के लिए छोड़ दिया। आखिरकार, पड़ोस की एक महिला की सूझबूझ से पीड़िता ने किसी तरह अपने मायके वालों को इस जुर्म की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला का रेस्क्यू किया। पीड़ित महिला की पहचान नवलपुर निवासी दिलीप राम की 25 वर्षीय पत्नी छोटी कुमारी के रूप में हुई है, जो तीन बच्चों की मां है। अस्पताल में होश आने पर पीड़िता ने उस खौफनाक रात की दास्तां बयां की। परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सोए थे। रात करीब तीन बजे अचानक चेहरे पर असहनीय जलन और दर्द के कारण छोटी की आंख खुली।

उसने देखा कि उसका आधा चेहरा बुरी तरह झुलस चुका था और बिस्तर की चादर भी जलकर खाक हो चुकी थी। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने मामले को दबाने के लिए उसके चेहरे पर केवल पानी डाला, लेकिन उसे कोई डॉक्टरी इलाज नहीं दिलाया। इस घटना में पास सो रहे उसके छोटे बेटे का चेहरा भी आंशिक रूप से झुलस गया है। पीड़िता की मां बीजान्ती देवी ने बताया कि दामाद कोई काम-धंधा नहीं करता और परिवार का खर्च मायके के पैसों से चलता है। गुरुवार शाम जब पड़ोस की महिला के फोन से उन्हें सूचना मिली, तो वे फौरन बेटी के ससुराल पहुंचे। मां का आरोप है कि जब वे अपनी लहूलुहान और तड़पती हुई बेटी को अस्पताल ले जाने लगे, तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी बीच सूचना पाकर बड़हरिया थाना पुलिस बल के साथ मौके पर धमक गई। पुलिस ने तुरंत दखल देते हुए स्थिति को संभाला और घायल महिला को पहले बड़हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर गंभीर हालत देखते हुए सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम तुरंत हरकत में आई। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर वहां बिखरे ज्वलनशील पदार्थ और जल चुकी चादर के नमूने साक्ष्य के तौर पर एकत्र किए हैं। सदर अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, पीड़िता के चेहरे का लगभग 17 से 18 प्रतिशत हिस्सा झुलस चुका है, हालांकि समय पर इलाज मिलने से फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है। एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि महिला के प्रारंभिक बयानों के आधार पर आरोपी पति को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में ले लिया है। पुलिस इस बात की गहराई से वैज्ञानिक जांच कर रही है कि फेंका गया पदार्थ असल में तेजाब था या कोई अन्य खतरनाक रसायन। आरोपी से कड़ी पूछताछ जारी है और जल्द ही इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।