बागेश्वरः सिमगढ़ी उप डाकघर में हुए घोटाले का मामला! आरोपी और उनके निकट संबंधियों पर प्रशासन का शिकंजा, चल-अचल सम्पत्ति के विक्रय पर लगी रोक

Bageshwar: Case of scam in Simgarhi sub post office! Administration clamps down on the accused and their close relatives, ban on sale of movable and immovable property

बागेश्वर। बागेश्वर के कांडा तहसील अंतर्गत सिमगढ़ी उप डाकघर में हुए घोटाले के आरोपी एवं उनके निकट सम्बंधी व्यक्तियों की चल-अचल सम्पति के विक्रय पर जिला प्रशासन ने रोक लगा दी है। उल्लेखनीय है कि गबन के मामले में सम्बंधित डाकसेवक को पहले ही जेल भेज दिया गया है। डीएम आशीष भटगाई ने कहा कि अधीक्षक डाकघर अल्मोडा मण्डल के अनुरोध के क्रम में सुरेन्द्र सिंह पंचपाल, शाखा डाकपाल (कार्यपृथक) सिमगड़ी शाखा डाकघर के विरूद्ध सरकारी धन के दुनिर्वियोजन से संबंधित जॉच गतिमान होने से उनके द्वारा अपनी व अपने निकट सम्बन्धियों की चल-अचल सम्पत्ति की विक्रय व हस्तान्तरण की आशंका के दृष्टिगत सुरेन्द्र सिंह पंचपाल एवं उनके निकट सम्बन्धी व्यक्तियों की चल-अचल संपति की विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
 वहीं मुख्य पोस्टमास्टर जनरल उत्तराखण्ड परिमंडल, देहरादून ने कहा कि प्रकरण में गबन की सम्पूर्ण राशि की वसूली हेतु सभी प्रयास किए जा रहे हैं तथा खाताधारकों के दावों के निस्तारण की प्रक्रिया गतिमान है। खाताधारकों की भावनाओं एवं मामले की गंभीरता तथा जनाक्रोश को देखते हुए प्रकरण में त्वरित कार्यवाही हेतु हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।