ऑपरेशन सिंदूर के बाद अब NEET विवाद प्रोटेस्ट में भी सक्रिय मिले पाकिस्तानी हैंडल्स! दिल्ली पुलिस का बड़ा दावा,इनका मकसद छात्रों को उकसाना और ध्यान भटकाना

After 'Operation Sindoor', Pakistani handles have now been found active in the NEET controversy as well! Delhi Police makes a major claim: their aim is to incite students and divert attention.

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक और उससे जुड़े विरोध प्रदर्शनों के बीच दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार को लेकर बड़ा दावा किया है। पुलिस के अनुसार, अब तक 480 से अधिक पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स की पहचान की गई है, जो फर्जी सूचनाएं, एडिटेड वीडियो और अफवाहें फैलाकर माहौल को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। इन हैंडल्स को चिन्हित कर ब्लॉक करने की कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि ये वही सोशल मीडिया हैंडल्स हैं, जो पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से भ्रामक सामग्री प्रसारित करने में सक्रिय थे। अब इन्हीं नेटवर्कों के माध्यम से NEET पेपर लीक और उससे जुड़े विरोध प्रदर्शनों को लेकर भी भ्रामक पोस्ट साझा किए जा रहे थे।
दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर सुमित झा ने कहा, "हमने देखा है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश की जा रही है। अब तक 480 से अधिक पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स चिन्हित किए गए हैं, जो इस स्थिति का फायदा उठाकर फर्जी सामग्री और अफवाहें फैला रहे हैं। इन्हें ब्लॉक किया जा रहा है।"
डीसीपी सुमित झा ने आगे बताया, "ये वही हैंडल्स हैं जो पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी सक्रिय थे। इनका मकसद लोगों को उकसाना और खासकर छात्रों का ध्यान भटकाना है।"
उन्होंने आम जनता, विशेषकर छात्रों और अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा, "बच्चों की सुरक्षा के लिए किसी भी फर्जी पोस्ट, एडिटेड वीडियो या अनाम हैंडल से उकसाए न जाएं। कोई भी पोस्ट शेयर करने से पहले फैक्ट चेक जरूर करें। अफवाहें न फैलाएं और न ही किसी असामाजिक तत्व को अपनी भावनाओं पर काबू पाने दें।"
डीसीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और दिल्ली पुलिस इस अधिकार का सम्मान करती है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल विश्वसनीय और आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे अपुष्ट दावों और अफवाहों से सतर्क रहें।