रुद्रपुर में मंदिर में मांस फेंकने के आरोप से हड़कंप! वाल्मीकि समाज में भारी आक्रोश, पुलिसकर्मी पर लगाए गंभीर आरोप
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में धार्मिक भावनाओं को आहत करने का गंभीर मामला सामने आया है। भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज (रजि) भावाधस भारत द्वारा रम्पुरा चौकी में शिकायती पत्र सौंपकर एक पुलिसकर्मी पर मंदिर परिसर में मांस फेंकने और समाज के लोगों को धमकाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद वाल्मीकि समाज और हिन्दूवादी संगठनों से जुड़े लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है और लोगों ने आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। समाज की ओर से दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि भूत बंगला वार्ड नंबर 20 स्थित गली नंबर 6 में वाल्मीकि समाज का मंदिर है। आरोप है कि इसी क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति, जो उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत बताए जा रहे हैं, ने मंदिर परिसर में मांस डाल दिया। जब समाज के लोगों को इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया।
शिकायत के अनुसार विरोध करने पर आरोपित ने वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ गाली-गलौच की और कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि मैं पुलिस वाला हूं, तुम मेरा क्या बिगाड़ लोगे। समाज के लोगों का आरोप है कि आरोपित द्वारा इस तरह की हरकत कर शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि इस घटना से समाज की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। मंदिर परिसर में इस प्रकार की हरकत से समाज के लोगों में भारी आक्रोश है और लोगों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधिमंडल ने रम्पुरा चौकी पहुंचकर पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इस दौरान भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के जिलाध्यक्ष विजेंद्र गोटशे सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और समाज के लोग मौजूद रहे। इनमें राजू वाल्मीकि, विजय वाल्मीकि, किशन शर्मा, सुनील, वंश, महेश, अनिल, कालीचरन, सागर, विशाल और प्रेम सिंह वाल्मीकि समेत अन्य लोग शामिल रहे। फिलहाल पुलिस ने शिकायत पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले को लेकर रुद्रपुर सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि कोतवाली पुलिस को निर्देशित किया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल आरोप लगने पर पुलिसकर्मी को हिरासत में लिया गया है।