उत्तराखंड की धरती से विश्व को शांति का संदेश! जल्द रिलीज होगी बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म,सीएम धामी ने जारी किया पोस्टर और प्रोमो
देहरादून। विश्व विख्यात आध्यात्मिक गुरु और करोड़ों लोगों की अटूट आस्था के केंद्र बाबा नीब करौरी महाराज का दिव्य जीवन और उनके मानवतावादी संदेश अब बड़े पर्दे के माध्यम से जन-जन तक पहुँचेंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माण की इस पहल को भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक और सराहनीय कदम बताया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह फिल्म महज एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं है, बल्कि यह श्रद्धा, भक्ति और निस्वार्थ सेवा के उन उच्च आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का एक पावन जरिया है। उन्होंने कहा, "बाबा नीब करौरी महाराज का दिव्य जीवन आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का पुंज है। उनकी शिक्षाएं सरलता, करुणा और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं, जो आधुनिक समय के मानसिक तनाव और भागदौड़ के बीच अत्यंत प्रासंगिक हैं। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक विषयों पर आधारित प्रयास नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जड़ों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होंगे। सीएम धामी ने फिल्म के निर्देशक शरद सिंह ठाकुर, कलाकारों और पूरी निर्माता टीम को इस साहसिक और आध्यात्मिक प्रयास के लिए हार्दिक बधाई दी। इस खास समारोह में योगगुरु स्वामी रामदेव और परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा नीब करौरी महाराज के वैश्विक प्रभाव की चर्चा करते हुए फिल्म की सफलता की कामना की। समारोह में फिल्म जगत के कई जाने-माने कलाकार और आध्यात्मिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। गौरतलब है कि बाबा नीब करौरी महाराज (कैंची धाम) का प्रभाव केवल भारत तक ही सीमित नहीं है, बल्कि एप्पल के संस्थापक स्टीव जॉब्स से लेकर फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग जैसी वैश्विक हस्तियां भी उनके दर्शन और शांति के संदेश से प्रभावित रही हैं। अब इस फिल्म के जरिए उनके जीवन के अनछुए पहलुओं और चमत्कारिक व्यक्तित्व को दुनिया भर के दर्शकों के सामने एक नई भव्यता के साथ पेश किया जाएगा।