Oct 06, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखंड में जंगल सुलगाने वाले यूपी के 5 मजदूर गिरफ्तार

5 workers from UP arrested for setting forests on fire in Uttarakhand

रुद्रप्रयाग। भरदार क्षेत्र के मठियाणा देवी मंदिर के पास जंगल में आग लगाने वाले उत्तर प्रदेश के पांच मजदूरों को वन विभाग ने टीम ने पकड़ा है। जिनके खिलाफ रुद्रप्रयाग कोतवाली में वन अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। फिर सभी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। 

दरअसल दक्षिणी जखोली के वन रेंज अधिकारी हरीश थपलियाल ने रुद्रप्रयाग कोतवाली में एक तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि सिद्धपीठ मठियाणा देवी मंदिर के पास सेफ्टी गार्ड लगाने वाले मजदूरों ने सड़क के किनारे आग लगाकर छोड़ दी। जिससे आग जंगल में फैल गई। आग लगने से बहुमूल्य वन संपदा को नुकसान पहुंचा था। वहीं वन विभाग की टीम ने बमुश्किल आग को बुझाया। जिसके बाद आग लगाने वालों के बारे में जांच की गई। जांच के दौरान पता चला कि यूपी के पांच मजदूरों ने जंगल में माचिस सुलगा दी थी। जिस पर वन विभाग की टीम ने पांचों आरोपी मजदूरों को गिरफ्तार किया, फिर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं, वन रेंज अधिकारी हरीश थपलियाल की तहरीर के आधार पर रुद्रप्रयाग कोतवाली में 25/2025 धारा 26 (1) (ब) भारतीय वन अधिनियम और 326 भारतीय न्याय संहिता का अभियोग पंजीकृत किया गया। पांचों आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है।  प्रभागीय वनाधिकारी कल्याणी और उप प्रभागीय वनाधिकारी दिवाकर पंत के नेतृत्व में दक्षिणी जखोली रेंज की टीम ने यह कार्रवाई की है। वहीं, वन विभाग ने साफतौर पर चेतावनी दी है कि कोई भी आग लगाता पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।