मेट्रोपोलिस सिटी के प्रबंधन समिति पर लगे कई करोड़ रुपये घपले के आरोप

उधम सिंह नगर के रुद्रपुर शहर की पॉश कॉलोनी मेट्रोपोलिस सिटी निवासियों ने कॉलोनी की देखभाल और विकास करने के लिए बानी वैलफेयर सोसयटी (MRW) के पदाधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगते हुए कई करोड़ रुपये के घपले के आरोप लगाए है। मेट्रोपोलिस सिटी के क्लब हाउस प्रांगण में हुए AMG कल बहुत ही हंगामेदार रहा। इस दौरान कॉलोनी के लोगों ने वैलफेयर सोसयटी के पदाधिकारियों पर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। कॉलोनी वासियों ने प्रबंधन समिति पर करोड़ो रुपयों की हेराफेरी का आरोप लगाते हुए कॉलोनी के विकास ना करने की बात कही। इतना ही नहीं बल्कि कॉलोनी की महिलाओं ने प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी सही से ना निभाने और मेंटिनेंस के नाम पर लिए जाने वाले फंड में घोटाले करने का आरोप लगाते हुए अपने हाथों की चुडिया निकाल कर दिखाते हुए जमकर हंगामा काटा और जल्द वर्तमान समिति को बर्खास्त कर नयी समिति के गठन की जोरदार मांग की। महिलाओं का कहना था कि कॉलोनी की सड़कें काफी समय से ख़राब और क्षतिग्रस्त हैं। बरसातों के वक्त कॉलोनी की सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती है। कॉलोनी की सभी सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और साथ ही कॉलोनी में बिजली पानी की समस्याओं से निपटने के लिए कोई भी स्थायी कर्मचारी नहीं रखा गया है। जब भी कोई समस्या होती है तो बाहर से कर्मचारियों को बुलाकर काम करवाना पड़ता है, जिससे काफी समस्याएं होती है। कॉलोनी के कई और विकास कार्य कई सालों से मजधार में लटके हुए है। जबकि कॉलोनी में लगभग 1700 परिवार रहते है। जिनसे कॉलोनी के विकास और मेंटिनेंस के लिए मोटो फंड वसूला जाता है। कॉलोनी की वार्षिक फंड करोड़ों रुपये में जाकर बैठता है। 




महिलाओं ने आरोप लगाया कि कॉलोनी से इकठ्ठे होने वाले फंड में वर्तमान समिति ने हेराफेरी की है और जनता द्वारा हिसाब मांगने पर जो हिसाब किताब दिखाया गया उसमें काफी झोलझाल है। समिति ने करोड़ों रूपए वारे-न्यारे कर दिए है। इसीलिए कॉलोनी का ठीक से विकास नहीं हो पाया है।

 

वहीँ इन आरोपों पर कॉलोनी के वैलफेयर सोसयटी के अध्यक्ष देवेंद्र शाही ने आरोपों को निराधार बताते हुए कुछ लोगों के उकसाने पर और गुमराह करने पर बवाल होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि समिति भ्रष्टाचार करती तो सारे खर्च करने के बाद भी 40 लाख का फंड प्रॉफिट में नहीं दिखाती। कॉलोनी के कुछ लोग द्वेष भावना से लोगों को गुमराह करते हुए लगातार झूठे आरोप लगा रहे हैं। समिति के अध्यक्ष ने कॉलोनी के एक व्यक्ति (चंदोला) पर डराने और धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समिति के कार्यकाल के अभी तीन वर्ष ही पूरे हुए हैं। लेकिन कुछ लोग नियोजित तरीके से समिति पर बेबुनियाद आरोप लगाकर बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं और समिति को हटाने का षड़यंत्र रचा जा रहा है। लेकिन समिति बेदाग़ और पाक साफ है।