बिग ब्रेकिंगः बांग्लादेश में चुनाव के बीच खूनखराबा! दो पोलिंग बूथ पर बम धमाके, हिंसा में बीएनपी नेता की भी मौत
नई दिल्ली। बांग्लादेश में आज आम चुनावों के लिए वोटिंग जारी है। इस बीच दो-दो पोलिंग बूथों पर देसी बम फटने की खबर आई है, वहीं तीसरे पोलिंग बूथ पर बीएनपी नेता की झड़प के बाद मौत हो गई है। खबरों के मुताबिक बांग्लादेश के गोपालगंज में एक मतदान केंद्र पर देशी बम विस्फोट हुआ। वहीं मुंशीगंज में भी एक देशी बम विस्फोट हुआ है। इतना ही नहीं खुलना सदर के आलिया मदरसा पोलिंग बूथ पर दो पक्षों के बीच झड़प और हाथापाई के बाद मोहिबुज्जमां कोच्चि नाम के एक बीएनपी नेता की मौत हो गई। स्थानीय बीएनपी नेताओं ने आरोप लगाया है कि धक्का दिए जाने के बाद वह बीमार पड़ गए। गोपालगंज में हुए विस्फोट में अर्धसैनिक बल, अंसार के 2 जवानों के साथ-साथ एक बच्ची भी घायल हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहम्मद सरवर हुसैन ने बताया कि विस्फोट गोपालगंज के निचूपारा इलाके में रेशमा इंटरनेशनल स्कूल मतदान केंद्र पर हुआ। उन्होंने बताया कि विस्फोट में तीनों घायलों को केवल मामूली चोटें आई हैं। घायलों की पहचान अंसार के जवान सुकांतो मजूमदार और जमाल मोल्ला के रूप में हुई है। तीसरी घायल एक 13 साल की बच्ची है जिसका नाम अमेना खानम है। इस पोलिंग बूथ के पीठासीन अधिकारी जहीरुल इस्लाम ने कहा कि केंद्र में विस्फोट की तेज आवाज थी, लेकिन स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया और इसकी वजह से मतदान प्रक्रिया बाधित नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मतदान के पहले दो घंटों के भीतर केंद्र में 198 वोट डाले गए। घटना के बाद पुलिस ने केंद्र और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है।