पौड़ी की नवविवाहित की देहरादून जिले में हुई संदिग्ध मौत से पौड़ी वासियों का आक्रोश फूट पड़ा

पौड़ी की एक नव विवाहित की देहरादून जिले में हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पौड़ी वासियो का आक्रोश फूट पड़ा है। नवविवाहिता ज्योति की मौत को परिजनों ने हत्या करार दिया है और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। जिस पर परिजनों के साथ मिलकर पौड़ी की जनता ने ज्योति को न्याय दिलाने के लिए शहर की सड़कों पर कैंडल मार्च निकाला और न्याय की मांग देहरादून पुलिस से की है। मृतक युवती के परिजन सरिता देवी ने बताया कि हमारे प्रदेश में महिलाएं आज भी सुरक्षित नहीं हैं। आज भी विवाहित महिलाओं को दहेज के लिए पड़ताडित किया जा रहा है और उनकी हत्या तक की जा रही है, लेकिन हत्यारों को सजा देने में कानून कामयाब नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने बताया कि 17 अगस्त को उनकी पुत्री की मौत की सूचना देर रात को दी गई। जब तक वह लोग पौड़ी से देहरादून पहुंचे तब तक उसे अस्पताल ले जाया गया था। महिला के शरीर पर चोट के निशान थे जिस पर उन्हें युवती की हत्या किए जाने का संदेह है। जबकि इसे आत्महत्या करार दिया जा रहा है। परिजनों ने मांग की है कि उनकी बेटी को न्याय दिलाया जाए और जो उसकी हत्या के दोषी हैं उन्हें जल्द से जल्द सजा दी जाय। वहीं युवती के भाई सम्पूर्ण सिंह की माने तो न्याय की मांग उठाने के बाद उन्हें ससुराल पक्ष की ओर से धमकाया भी जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि उनकी बहन के हत्यारों की गिरफ्तारी हो और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।