टंडन के निधन पर पीएम मोदी ने कहा-उन्होंने हमेशा लोक कल्याण को महत्व दिया

मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का 85 साल की उम्र में निधन हो गया।उन्होंने लखनऊ के मेदांता अस्पताल में मंगलवार सुबह दम तोड़ा। उन्होंने सुबह 5 बजकर 35 मिनट पर अंतिम सांस ली। लालजी टंडन कई दिनों से राजधानी के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उनके पुत्र नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने ट्वीट करते हुए यह दुख खबर सुनाई।बता दें कि टंडन उत्तर प्रदेश की राजनीति में काफी सक्रिय रहे हैं। वह प्रदेश की भाजपा सरकारों में कई बार मंत्री भी रहे हैं और अटल बिहारी वाजपेयी के सहयोगी के रूप में जाने जाते रहे। लालजी टंडन को 2018 में बिहार का गवर्नर बनाया गया। इसके बाद 2019 में उन्हें मध्य प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया। अब उनके निधन पर राजनीतिक व अन्य बड़ी हस्तियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
लखनऊ भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन को श्रद्धांजलि अर्पित की। लालजी टंडन का आज सुबह निधन हो गया था।भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्विटर के माध्यम से लिखा, ‘मध्य प्रदेश के राज्यपाल लाल जी टंडन के निधन में, हमने एक दिग्गज नेता को खो दिया है, जिन्होंने लखनऊ के सांस्कृतिक परिष्कार और एक राष्ट्रीय गतिरोध के संयोजन को जोड़ा है। मैं उनकी मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करता हूं। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालजी टंडन के निधन पर दो ट्वीट करते हुए लिखा, ‘लालजी टंडन को समाज की सेवा के उनके अथक प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने एक प्रभावी प्रशासक के रूप में अपनी पहचान बनाई, हमेशा लोक कल्याण को महत्व दिया। उनके निधन से दुखी हूं।आगे पीएम मोदी ने कहा कि लालजी टंडन संवैधानिक मामलों के अच्छे जानकार थे। उन्होंने प्रिय अटल जी के साथ लंबे और करीब से काम करने का आनंद लिया। दु: ख की इस घड़ी में, टंडन के परिवार और शुभचिंतकों को मेरी संवेदना। ओम शांति।