उत्तराखंड में मौसम के तल्ख तेवरः केदारनाथ-यमुनोत्री में बर्फबारी! मैदानी इलाकों में बारिश से गिरा तापमान, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Harsh weather conditions in Uttarakhand: Snowfall in Kedarnath and Yamunotri, rain in the plains, temperatures plummeting, and orange alert in several districts.

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है और देर रात से कई जगहों पर झमाझम बारिश हो रही है। इस दौरान जहां एक ओर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने पहाड़ों को सफेद चादर से ढक दिया है, वहीं मैदानी इलाकों में बारिश ने ठंडक बढ़ा दी है। खासकर केदारनाथ धाम और यमुनोत्री धाम में हुई ताजा बर्फबारी के बाद वहां के दृश्य बेहद मनमोहक नजर आ रहे हैं। लगातार हो रही बर्फबारी के चलते पहाड़ी इलाकों में ठंड में खासा इजाफा हुआ है। तापमान में गिरावट के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। बर्फ से ढके पहाड़ और रास्ते प्राकृतिक सौंदर्य को और निखार रहे हैं, लेकिन साथ ही आवाजाही में दिक्कतें भी बढ़ गई हैं। राजधानी देहरादून समेत मैदानी क्षेत्रों में रातभर हुई बारिश ने तापमान को नीचे ला दिया है। बुधवार सुबह से ही ठंडी हवाओं का असर महसूस किया गया, जिससे लोगों को फिर से स्वेटर और जैकेट पहनने पड़े। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून का न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। मसूरी और अन्य पहाड़ी इलाकों में तापमान इससे भी नीचे चला गया है। विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंहनगर जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में यलो अलर्ट लागू है। 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वालों को।