ये क्याः संविधान बचाओ रैली में अपना ही मोबाइल नहीं बचा पाए कांग्रेस के नेता! प्रदेश अध्यक्ष के मोबाइल फोन चोरी होने की खबर, भाजपा ने कसा तंज

 What is this: Congress leaders could not save their own mobile phones in the Save Constitution rally! News of State President's mobile phone being stolen, BJP takes a jibe

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने देहरादून में आज बुधवार को ‘संविधान बचाओ रैली’ का आयोजन किया, जिसमें राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस रैली के दौरान एक ऐसी घटना घटी, जिससे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा थोड़ा असहज हो गए। दरअसल रैली के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के दोनों मोबाइल कहीं खो गए। जिसके बाद प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना को पोडियम से उनके मोबाइल खो जाने की जानकारी देनी पड़ी। चर्चा है कि उनके दोनों मोबाइलों पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। ऐसे में भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसा है। भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जो नेता अपने ही मंच पर अपने ही नेताओं का मोबाइल नहीं बचा पा रहे हैं, वह संविधान बचाने  की बात किस मुंह से कह रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस की रैली संविधान बचाने की नहीं, बल्कि सीबीआई और ईडी का जो शिकंजा राहुल और सोनिया पर है उससे उनको बचाने के लिए है। फिलहाल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के मोबाइल खोने की खबर चर्चाओं में है और भाजपा इसपर चुटकी लेते दिख रही है।