उत्तरकाशी मस्जिद विवाद! अन्य जिलों से मंगवाया गया अतिरिक्त पुलिस बल, पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र रावत ने सिस्टम पर खड़े किए सवाल

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में गुरूवार को निकली जनाक्रोश रैली के बाद तनाव बना हुआ है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन द्वारा देर शाम जिले में धारा 163 लागू कर दी गई। जिसकी जानकारी आज शुक्रवार सुबह पुलिस ने अनाउंसमेंट कर लोगों को दी। इधर शहर में तनाव की स्थिति को देखते हुए अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल मंगवाया गया है। वहीं आज यमुना घाटी में बंद बुलाया गया है। इस बीच प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत का बयान आया है। उन्होंने इस तरह की घटना को पुलिस की विफलता बताया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उत्तरकाशी की घटना को लेकर जानकारी मिली। इस तरह का घटनाएं न हों, इसके लिए पुलिस को सतर्क रहना होगा। उत्तरकाशी की घटना पुलिस की नाकामी को साबित करता है।
इधर घटना के विरोध में व्यापार मंडल के आह्वान पर सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया गया है। नगर पंचायत में स्थित व्यापारिक प्रतिष्ठानों सहित दुग्ध डेयरी, सब्जी विक्रेता और मेडिकल स्टोर भी बन्द हैं। व्यापार मंडल ने अपने ग्रुप में दुकान खोलने वाले व्यापारी के विरुद्ध कार्रावाई की चेतावनी प्रसारित की है। एसओ दीपक कठैत ने हिन्दू जागृति सगठंन के लोगों से सम्पर्क करते हुए नियमों का अनुपालन करने व जुलूस प्रदर्शन न करने की अपील कर रहे हैं। क्योंकि उत्तरकाशी जिले में धारा 163 लगी हुई है।