उत्तराखण्डः परिवहन निगम को मिली 130 नई बसें! सीएम धामी ने किया लोकार्पण, लोगों को मिलेगी सुविधा

देहरादून। आज रविवार को उत्तराखण्ड परिवहन निगम के बेड़े में 130 नई बसें शामिल हो गई हैं। राजधानी दून स्थित आईएसबीटी पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बसों का लोकार्पण किया। इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि नई बसों के चलने से अब पहाड़ों के दूर दराज के क्षेत्रों में लोगों को यातायात की सुविधा मिलेगी और लोगों को इधर-उधर जाने के लिए घंटों तक गाड़ियों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज राज्य में हर तरफ चहुंमुखी विकास हो रहा है। केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा जनहित से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। कहा कि विदेशों में बसे राज्य के लोग आज गर्व महसूस कर रहे हैं। 33 प्रतिशत राज्य कर बढ़ा है। 14 स्थानों पर नई बस स्टैंड बन रहे हैं। जल्द इलेक्ट्रॉनिक बसों का राज्य में संचालन किया जाएगा। निगम के सभी कार्मिकों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल यात्रा में जरूर करें।