उत्तराखण्डः रामनगर में दर्दनाक सड़क हादसा! दो घरों के चिराग बुझे, काशीपुर के दो युवकों ने गंवाई जान

Uttarakhand: Tragic road accident in Ramnagar! Two families lost their lives, two young men from Kashipur lost their lives.

रामनगर। नैनीताल जनपद के रामनगर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। जानकारी के अनुसार आज मंगलवार को रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर छोई के पास काशीपुर निवासी 19 साल के रोशन प्रीत और 19 साल के ही जातियों दीप सड़क हादसे का शिकार हो गए। दोनों युवक कुंडेश्वरी क्षेत्र में स्कूल वैन चलाने का काम करते थे। बताया जा रहा है कि दोनों किसी वाहन का पाटर्स लेने के लिए मोटरसाइकिल से हल्द्वानी जा रहे थे, तभी बीच रास्ते में छोई गांव के पास अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। कार टक्कर से बाइक सामने चल रहे टेंपो से जा भिड़ी। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा टेंपो ड्राइवर मोहम्मद असलम निवासी गूलरघट्टी रामनगर भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल दोनों युवकों को 108 एंबुलेंस की मदद से रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम हॉस्पिटल पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात कार चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।