उत्तराखण्डः हरिद्वार पहुंचे सुरेंद्र कोली के परिजन! बेटे का छलका दर्द- 20 साल बाद नसीब हुआ था पिता का प्यार, अब वो नही...
हरिद्वार। बहुचर्चित निठारी कांड के मामलों में बरी हो चुके सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद एक बार फिर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सुरेंद्र कोली का शव हरिद्वार में फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद शनिवार को उसके परिजन हरिद्वार पहुंचे। परिवार के सदस्यों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी, वहीं पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने सुरेंद्र कोली की मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। नारायण सिंह रावत ने कहा कि सुरेंद्र कोली की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल सामने आ रहे हैं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर किसी साजिश की आशंका भी जताई और कहा कि जांच के जरिए इन सभी सवालों का जवाब सामने आना चाहिए। हालांकि, उन्होंने सुरेंद्र कोली की मौत को निठारी कांड से जोड़ने से इनकार किया।
हरिद्वार पहुंचे परिजन, मीडिया से बनाई दूरी
सुरेंद्र कोली की मौत की खबर सामने आने के बाद उसके भाई, बेटे और परिवार के अन्य सदस्य शनिवार को हरिद्वार पहुंचे। जिला अस्पताल में परिजनों की मौजूदगी के दौरान बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी भी वहां पहुंचे, लेकिन परिवार के सदस्यों ने बातचीत करने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों की नाराजगी इस बात को लेकर भी सामने आई कि सुरेंद्र कोली की मौत के बाद निठारी कांड की चर्चा एक बार फिर शुरू हो गई है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि करीब दो दशक पुराने उस मामले की छाप आज भी उनके जीवन पर बनी हुई है। ऐसे में मौत के बाद निठारी कांड का मुद्दा दोबारा चर्चा में आने से परिवार को पुराने संकट के फिर सामने आने की चिंता है।
बेटे शिवम ने कहा- 20 साल बाद मिला था पिता का प्यार
हरिद्वार पहुंचे सुरेंद्र कोली के बेटे शिवम ने बेहद भावुक होकर अपने पिता को याद किया। उसने कहा कि करीब 20 साल बाद उसे पिता का प्यार नसीब हुआ था, लेकिन अब पिता ही नहीं रहे। इतना कहने के बाद शिवम चुप हो गया और आगे कुछ नहीं बोला। शिवम के इस बयान से परिवार की पीड़ा साफ नजर आई। परिवार के अन्य सदस्य भी पूरे घटनाक्रम को लेकर परेशान और चिंतित दिखाई दिए। हालांकि, उन्होंने मीडिया के सामने विस्तार से अपनी बात रखने से परहेज किया। सुरेंद्र कोली के परिवार में एक बेटी और एक बेटा है। बेटी की शादी हो चुकी है। बेटा शिवम समेत परिवार के अन्य सदस्य हरिद्वार पहुंचे हैं। हालांकि, सुरेंद्र कोली की पत्नी हरिद्वार नहीं आई।