उत्तराखण्डः मां के निधन की खबर सुन घर आ रहे थे बेटे! आधे रास्ते में हुआ बड़ा हादसा, चालक की मौत

रामनगर। उत्तराखण्ड में एक और बड़ा हादसा हुआ है, जिसमें एक की मौत हो गयी, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। खबरों के मुताबिक दिल्ली से चौखुटिया जा रही बोलेरो मोहान फैक्ट्री के आगे एक नाले में गिर गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ है। जानकारी के मुताबिक चौखुटिया के भैल्टा गांव के रहने वाले पूरन सिंह पुत्र धन सिंह मनराल दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं, जिनकी माता हंसी देवी का शुक्रवार को निधन हो गया था। मां के निधन होने पर पूरन सिंह के साथ दिल्ली में काम करने वाले उसके भाई भोपाल सिंह, भूपेंद्र सिंह, आनंद सिंह सभी गांव के लिए चल दिए। शुक्रवार की रात 8 बजे दिल्ली से चौखुटिया चलने वाले बोलेरो चालक भीम सिंह निवासी चौखुटिया की बोलेरो में सभी सवार हुए। रात करीब 1ः30 बजे सभी रामनगर पहुंच गए थे। सुबह 4 बजे मोहान आईएमपीसीएल फैक्ट्री से आगे कफलगाड़ी नाले पर ओवरटेक करते समय बोलेरो नाले में 50 मीटर नीचे खाई में गिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी को रामनगर अस्पताल भिजवाया। रामनगर अस्पताल में चालक भीम सिंह की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल का उपचार चल रहा है।