उत्तराखण्डः बारिश के बाद नैनीताल के आल्मा कॉटेज में बिगड़े हालात! भूधंसाव से दहशत, खतरे की जद में कई परिवार! मौके पर पहुंचे एसडीएम
नैनीताल। नैनीताल के सात नंबर स्थित आल्मा कॉटेज क्षेत्र में बारिश के बाद लगातार बढ़ रहे भूधंसाव को देखते हुए प्रशासन हरकत में आ गया है। देर रात क्षेत्र में हुए भूस्खलन के बाद आज एसडीएम नवाजिश खलिक ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश देने के साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकने के आदेश भी दिए। एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा कार्य पूरे होने तक जोखिम वाले भवनों में रह रहे परिवारों को अन्यत्र शिफ्ट करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग से बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि लोनिवि और अन्य संबंधित विभागों को समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। बता दें कि आल्मा कॉटेज क्षेत्र में पिछले वर्ष से ही सड़क और पहाड़ी में दरारें पड़ने लगी थीं। मूसलाधार बारिश के बाद सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी और पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसकने से भारी मात्रा में मलबा नीचे नाले में जा गिरा था। समय पर स्थायी सुरक्षा कार्य नहीं होने से इस वर्ष मानसून में दोबारा भूधंसाव शुरू हो गया, जिससे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय सभासद जितेंद्र पांडे ने बताया कि लगातार हो रहे धंसाव से सड़क के ऊपर स्थित पांच और नीचे के सात परिवारों के भवन खतरे की जद में हैं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र स्थायी सुरक्षा कार्य कराने की मांग की है।