उत्तराखण्डः मौसम के तल्ख तेवर! रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, अलर्ट जारी

Uttarakhand: Harsh weather conditions! All schools and Anganwadi centers in Rudraprayag and Bageshwar to remain closed tomorrow; alert issued.

देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम के तेवर तल्ख बने हुए हैं। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से जहां जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं नदी-नाले उफान पर हैं। प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय जिलों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, सड़क मार्ग अवरूद्ध होने और नदी-नालों के उफान पर आने की घटनाएं बढ़ गई हैं। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 31 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई स्थगित करने के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। बता दें कि लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जबकि कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता, तब तक अनावश्यक यात्रा से बचना ही सुरक्षित रहेगा। गौरतलब है कि उत्तराखंड में इस समय मानसून पूरी तरह सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ है। कई जगहों पर सड़कें बंद होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में जलभराव और तेज बहाव वाले नालों के कारण भी खतरा बढ़ गया है।