Awaaz24x7-government

उत्तराखंड रजत जयंती: विधानसभा के विशेष सत्र का आज दूसरा दिन, अगले 25 वर्षों के रोडमैप पर होगी चर्चा

Uttarakhand Silver Jubilee: Today is the second day of the special session of the Legislative Assembly, where the roadmap for the next 25 years will be discussed.

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित विधानसभा के विशेष सत्र का आज दूसरा दिन है। इस दौरान सदन में राज्य के अब तक के विकास कार्यों और आने वाले 25 वर्षों के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार इस संकल्प को अवश्य पूरा करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में उत्तराखंड ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि अब अगले 25 वर्षों के लिए सरकार ने एक व्यापक “विजन रोडमैप” तैयार किया है, जिसमें हर जिले के संतुलित विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि सरकार का फोकस युवाओं के लिए रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण, औद्योगिक निवेश और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य को अग्रणी बनाने पर है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को “श्रेष्ठ प्रदेश” बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इससे पहले विशेष सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विधानसभा को संबोधित किया था। उन्होंने उत्तराखंड की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य देश के अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा स्रोत है। रजत जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें राज्य की सांस्कृतिक धरोहर, लोक परंपराएं और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जा रहा है।