Aug 26, 2026 Login

उत्तराखण्डः रामलीला मैदान के शुद्धिकरण पर सियासत तेज! महेंद्र भट्ट बोले- विपक्ष के पास मुद्दे नहीं, ...इसमें गलत क्या है?

 Uttarakhand: Politics heats up over the purification of Ramlila Maidan! Mahendra Bhatt says the opposition lacks issues... what is wrong with this?

मसूरी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई ठोस मुद्दा है और न ही कोई कार्यक्रम। इसलिए वह ऐसे विषयों को तूल दे रहा है, जिनसे समाज का माहौल खराब और दूषित होता है। मसूरी में पत्रकारों से बातचीत में भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में हुई रैली रामलीला मैदान में आयोजित की गई थी। उनके अनुसार, रैली के दौरान वहां जिस तरह की स्थिति बनी और कुछ नारे लगाए गए, वह रामलीला मैदान की मर्यादा के अनुरूप नहीं थे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के बाद यदि मैदान का शुद्धिकरण किया गया तो इसमें गलत क्या है। भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले को अनुसूचित जाति से जोड़कर अपने ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का मजाक बना रही है। उन्होंने कहा कि खरगे के नाम पर उत्तराखंड में कांग्रेस जिस तरह की राजनीति कर रही है, उसे खुद खरगे भी समझते होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी धार्मिक स्थल या आयोजन स्थल की स्वच्छता और शुद्धिकरण को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर समाज को बांटने वाले मुद्दे खड़े करने का आरोप लगाया। आगामी चुनाव में टिकट वितरण को लेकर पूछे गए सवाल पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि किसे टिकट देना है और किसे नहीं, इसका निर्णय पार्टी संगठन करेगा। उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर अंतिम फैसला पार्टी की प्रक्रिया और नेतृत्व के स्तर पर लिया जाएगा।