उत्तराखण्ड: रुद्रप्रयाग में रेलवे परियोजना के बैचिंग प्लांट में लगी भीषण आग। बड़ा हादसा टला

Uttarakhand: Massive fire breaks out at a railway project batching plant in Rudraprayag; major accident averted.

रुद्रप्रयाग। रेलवे परियोजना से जुड़े मेघा कंपनी के बैचिंग प्लांट में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। नगरासू-घोलतीर क्षेत्र में उठती आग की ऊंची लपटों ने लोगों में दहशत फैला दी। हालांकि समय रहते आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया। 
 जनपद के नगरासू-घोलतीर क्षेत्र स्थित रेलवे निर्माण परियोजना के मेघा कंपनी के बैचिंग प्लांट में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही प्लांट में मौजूद कर्मचारियों और श्रमिकों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटें पूरे प्लांट में फैल गईं और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो प्लांट में मौजूद भारी मशीनरी और अन्य ज्वलनशील सामग्री इसकी चपेट में आ सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों ने घटना के पीछे कार्यस्थल पर बरती गई लापरवाही की आशंका जताई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।