उत्तराखण्डः रामनगर-हल्द्वानी हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा! ओवरटेक करते समय कारों की टक्कर, एयरबैग खुलने से बची जान

 Uttarakhand: Major road accident on Ramnagar-Haldwani Highway! Cars collide while overtaking, airbags deploy, saving lives.

रामनगर। उत्तराखण्ड में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। ताजा घटनाक्रम रामनगर से सामने आया है, यहां रामनगर-हल्द्वानी हाईवे पर आज सोमवार को दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पुलिस ने हाईवे पर यातायात सामान्य कराया। जानकारी के अनुसार वेगनआर कार और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि वेगनआर कार रामनगर की ओर से आ रही थी, जबकि टैक्सी परमिट वाली स्विफ्ट डिजायर हल्द्वानी से रामनगर की ओर आ रही थी। स्विफ्ट डिजायर के चालक विजय बिष्ट ने बताया कि वह हल्द्वानी से रामनगर की ओर अपने वाहन से आ रहा था, इसी दौरान रामनगर के बेलगढ़ के पास सामने से आ रही वेगनआर कार ने तेज रफ्तार में एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। ओवरटेक करते समय वेगनआर अनियंत्रित हो गई और सीधे उनकी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। विजय बिष्ट ने बताया कि टक्कर के दौरान उनकी कार के एयरबैग खुल गए, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगने से बचाव हो गया। उन्होंने कहा कि अगर एयरबैग नहीं खुलते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। हादसे में वेगनआर कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी। 108 की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद रामनगर-हल्द्वानी राजमार्ग पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।