उत्तराखण्डः अल्मोड़ा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन कल! राहुल गांधी भरेंगे चुनावी हुंकार, 25 से 30 हजार लोगों के जुटने का दावा, कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत
अल्मोड़ा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कल 4 जून को अल्मोड़ा पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर कांग्रेसियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। राहुल गांधी कल अल्मोड़ा सिमकनी मैदान में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। जनसभा को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी के प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेता लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने बुधवार को अल्मोड़ा पहुंचकर सिमकनी मैदान का निरीक्षण किया और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंध और जनसभा स्थल की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी का यह दौरा उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण साबित होगा और इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दावा किया कि राहुल गांधी की अल्मोड़ा जनसभा प्रदेश की सबसे बड़ी राजनीतिक सभाओं में से एक होगी। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस को उम्मीद है कि जनसभा में 25 से 30 हजार लोग पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि दूरदराज क्षेत्रों से लोगों को लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की जा रही है और पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राहुल गांधी के अल्मोड़ा आगमन को लेकर पूरे कुमाऊं क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनसभा को सफल बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। हरीश रावत ने बताया कि राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे के दौरान अल्मोड़ा की जनसभा के अलावा पौड़ी में सैनिक सम्मेलन और देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जनसभा की तैयारियों को लेकर कांग्रेस संगठन ने विभिन्न समितियों का गठन किया है। कार्यकर्ताओं को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, स्वागत, भोजन, पार्किंग और मंच संचालन जैसी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा दौरा
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा कांग्रेस के लिए काफी महत्वपूर्ण है। पार्टी इस जनसभा के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ-साथ प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास कर रही है। अब सभी की निगाहें कल 4 जून को होने वाली इस बहुप्रतीक्षित जनसभा पर टिकी हैं, जहां राहुल गांधी जनता को संबोधित करेंगे और प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रख सकते हैं।