उत्तराखण्ड ब्रेकिंगः बागेश्वर में दिल दहला देने वाली वारदात! स्कूल के क्लर्क ने प्रिंसिपल की चाकू मारकर की हत्या! इलाके में दहशत, आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश

Uttarakhand Breaking: Shocking incident in Bageshwar! School clerk stabs principal to death! Panic grips the area; intensive raids underway to apprehend the accused.

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य 55 वर्षीय दयानंद टम्टा की विद्यालय जाते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात को विद्यालय के ही एक बाबू ने अंजाम दिया, जिसने पहले से रास्ते में घात लगाकर प्रधानाचार्य पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, सैंज निवासी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा रोज की तरह शनिवार सुबह अपने विद्यालय के लिए निकले थे। वह मुख्य सड़क तक अपने वाहन से पहुंचे और वहां से पैदल विद्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विद्यालय जाने वाले मार्ग पर पहले से मौजूद आरोपी बाबू नवल किशोर ने अचानक उन पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। हमला इतना तेज और अचानक था कि प्रधानाचार्य को बचाव का कोई मौका नहीं मिल सका। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी बागेश्वर मनीष शर्मा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह, आरोपी और मृतक के बीच किसी संभावित विवाद सहित हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। इधर प्रधानाचार्य की हत्या की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में शिक्षकों, कर्मचारियों, परिचितों, स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई है। शिक्षा जगत में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। शिक्षक संगठनों ने इस जघन्य हत्या की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं चर्चा है कि आरोपी सैलरी रूकने से परेशान था।