उत्तराखण्ड ब्रेकिंगः उत्तरकाशी में फिर महसूस हुए भूकंप के झटके! छह दिन में नौ बार हलचल, दहशत में लोग

Uttarakhand Breaking: Earthquake tremors felt again in Uttarkashi! Movement nine times in six days, people in panic

उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड के उत्तरकाशी में लगातार भूंकप के झटके महसूस हो रहे हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है। गुरूवार देर शाम के बाद आज शुक्रवार सुबह करीब 9 बजकर 29 मिनट पर फिर भूकंप का झटका महसूस किया गया। छह दिन में नौ बार भूकंप के झटकों से लोग डरे सहमे हैं। बता दें कि इससे पहले गुरुवार शाम को भी भूकंप के झटके महसूस हुए थे। झटका आते ही लोग अपने घरों, दफ्तरों और दुकानों से बाहर निकल आए। शुक्रवार सुबह आए भूकंप की तीव्रता 2.07 रही। किसी भी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। वहीं गुरुवार को जनपद मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में शाम 7:31 बजे भूकंप का झटका महसूस किया गया। इससे लोग दहशत में आ गए हैं। जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार यह भूकंप रिक्टर स्केल पर 2.7 मापा गया है। तो वहीं इसका केंद्र तहसील बड़कोट के सरुताल झील, फुच-कंडी, यमुनोत्री रेंज वन क्षेत्र में था। बता दें कि छह दिनों में जनपद मुख्यालय में भूकंप का यह नौवां झटका महसूस किया गया है। इससे पहले बीती 24 और 25 जनवरी को भी दो दिन के भीतर झटके महसूस किए गए है।