UKSSSC पटवारी-लेखपाल-वीपीडीओ परीक्षा विवाद पहुंचा हाईकोर्ट! अभ्यर्थियों ने उत्तरकुंजी में गलत जवाब का लगाया आरोप, कोर्ट ने 6 सप्ताह में मांगा जवाब
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट में UKSSSC ग्रुप सी के लिए 14 जून 2026 को आयोजित हुई स्नातक स्तरीय (पटवारी/लेखपाल/वीपीडीओ) पुनरीक्षित परीक्षा के उत्तरकुंजी और कुछ चुनिंदा प्रश्नों को लेकर अभ्यर्थियों द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट की खंडपीठ ने कमीशन से 6 सप्ताह में जवाब दाखिल करने को कहा है। मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट ने 6 सप्ताह बाद की तिथि नियत की है। बता दें कि सम्भीर व अन्य ने उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर कर कहा है कि 14 जून 2026 को आयोजित UKSSSC की परीक्षा में पूछे गए कुछ प्रश्नों के उत्तर गलत थे। जिसके सम्बंध में कमीशन को अवगत कराया गया था। जिसे कमीशन द्वारा नकार दिया गया। याचिका में उच्च न्यायालय से प्रार्थना की गई है कि मामले की सुनवाई पूरी होने व कोर्ट के अंतिम फैसले तक चयन प्रक्रिया पर रोक लगाई दी जाए। क्योंकि अगर निर्णय याचिकाकर्ताओं के पक्ष में आता है तो कमीशन को दुबारा से अंकतालिका में सुधार करना पड़ सकता है।