उफ्फ ये बारिशः नैनीताल में कई जगहों पर भूस्खलन! दहशत में लोग, अल्मोड़ा-हल्द्वानी एनएच समेत 50 मार्गों की रफ्तार पर लगी ब्रेक

Uff this rain: Landslides at many places in Nainital! People in panic, brakes on speed of 50 routes including Almora-Haldwani NH

नैनीताल/अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड में लगातार आसमानी आफत बरस रही है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच नैनीताल के तल्ला कृष्णापुर के रिहायशी इलाके में दुर्गापुर चुंगी के पास पहाड़ी का एक हिस्से में भूस्खलन हो रहा है। जिसके कारण नैनीताल ब्रेवरी में एक पेड़ गिरने के साथ ही बिजली का खम्भा भी टेड़ा हो गया है। भूस्खलन से इस मार्ग के दोनों ओर बसे रिहायशी मकानों को भी खतरा उत्पन्न हो गया है। भूस्खलन के चलते लोगों में दहशत व्याप्त है। इधर अल्मोड़ा जिले में एक नेशनल हाईवे, दो स्टेट हाईवे समेत 50 से अधिक मार्गों की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लग गया है। जगह-जगह भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। एनएच पर क्वारब के पास सड़क लगातार धंस रही है। जिस कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। सड़कों को खुलवाने के लिए 66 जेसीबी लगाई गई हैं। डीएम ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। इधर हल्द्वानी में भी बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।