ऊधम सिंह नगरः अचानक पुलभट्टा थाने के सामने रुका राज्यपाल संतोष गंगवार का काफिला! वाहन से उतरकर सीधे थाने पहुंचे महामहिम, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रुद्रपुर। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार अपनी सादगी और सहजता के लिए एक बार फिर चर्चा में आ गए। शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 10 बजे नैनीताल से बरेली की ओर जाते समय उनका काफिला अचानक पुलभट्टा थाने के सामने रुक गया। राज्यपाल अचानक अपने काफिले के साथ वाहन से उतरकर सीधे थाने के अंदर पहुंच गए। राज्यपाल को यूं अचानक थाने में देखकर पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद थाना अध्यक्ष ने तत्परता दिखाते हुए महामहिम राज्यपाल का ससम्मान स्वागत किया और उन्हें कुर्सी पर बैठाया। राज्यपाल ने थाने का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की स्वच्छता, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस द्वारा मेंटेन की गई व्यवस्थाओं और अनुशासन को देखकर उन्होंने पुलिस प्रशासन की जमकर सराहना की। राज्यपाल के थाने पहुंचने की सूचना मिलते ही क्षेत्र के कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी थाने पहुंच गए। महामहिम ने सभी से आत्मीयता से मुलाकात की और सभी को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कुछ देर थाना परिसर में रुकने के बाद राज्यपाल संतोष गंगवार का काफिला बरेली की ओर के लिए रवाना हो गया।