ऊधम सिंह नगर: गदरपुर में ‘जेन अल्फा’ का प्रदर्शन! स्कूल की बदहाली पर बच्चों का फूटा गुस्सा, कोतवाली के बाहर जमकर नारेबाजी
गदरपुर। ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में अब स्कूलों की अव्यवस्थाओं को लेकर नई पीढ़ी की आवाज भी सामने आने लगी है। गदरपुर में राजकीय इंटर कॉलेज की व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया और स्कूल की समस्याओं को दूर करने की मांग उठाई। हालात उस समय गरमा गए, जब स्कूल से जुड़ी शिकायतों को लेकर कोतवाली पहुंची निजी संस्था की टीम के कुछ सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र कोतवाली पहुंच गए और गेट के बाहर जमकर नारेबाजी की। मामला गदरपुर राजकीय इंटर कॉलेज से जुड़ा है। बताया गया कि कुछ छात्रों ने स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर हल्द्वानी की एक निजी संस्था से शिकायत की थी। शिकायत के बाद संस्था की टीम ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज परिसर पहुंची। टीम ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को साथ लेकर स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने कथित तौर पर पीने के पानी में कीड़े मिलने, शौचालय बंद होने और साफ-सफाई समेत कई अन्य अव्यवस्थाओं की ओर ध्यान दिलाया। छात्रों का कहना है कि स्कूल में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं को लेकर समस्याएं बनी हुई हैं और इनका समाधान होना जरूरी है। वहीं, निरीक्षण के दौरान स्कूल प्रबंधन की ओर से पुलिस को शिक्षा व्यवस्था में व्यवधान डाले जाने की सूचना दिए जाने की बात सामने आई। इसके बाद गदरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संस्था से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। जैसे ही इसकी जानकारी स्कूल के छात्रों को हुई, बड़ी संख्या में छात्र गदरपुर कोतवाली पहुंच गए। छात्रों ने कोतवाली गेट के बाहर नारेबाजी करते हुए हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने साफ कहा कि स्कूल की समस्याओं को सामने लाने वाली टीम को जब तक छोड़ा नहीं जाएगा, तब तक वे कोतवाली से वापस नहीं जाएंगे। छात्रों ने स्कूल में पीने के पानी, साफ-सफाई और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। छात्रों के समर्थन में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि भी कोतवाली पहुंच गए। इससे मौके पर स्थिति काफी गरमा गई और पुलिस को भीड़ को संभालने में मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को कोतवाली के गेट पर ही रोक दिया। काफी देर तक नारेबाजी और विरोध के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों को बाहर भेजा, जिसके बाद छात्रों का विरोध शांत हुआ और स्थिति सामान्य हो सकी।